राजगढ़ःगोवंश वध मामले में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपितों के मकानों पर चला बुलडोजर

 


राजगढ़, 6 मई (हि.स.)। गोवंश वध मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने बुधवार को वार्ड क्रमांक 11 स्थित आमीन-जाकिर मुकरेवाड़ा क्षेत्र में मुख्य आरोपितों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया। कार्रवाई में जिन आरोपितों के मकान ध्वस्त किए गए, उनमें जाकिर पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी गाडरी वाडा चैक, आमीन पुत्र युनुस खान निवासी पटेल वाडी सारंगपुर तथा महबूब उर्फ लंगड़ा पुत्र मुंशी कुरैशी निवासी बड़ा कसाई वाडा सारंगपुर शामिल हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में लगभग तीन घंटे तक यह कार्रवाई जारी रही। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिसमें पचोर, तलेन और सारंगपुर थाना क्षेत्रों का स्टाफ शामिल था। दो जेसीबी मशीनों से आरोपितों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए आसपास के मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम सारंगपुर रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंदसिंह,नगरपालिका सीएमओ दीपक रानवे, तहसीलदार आकाश शर्मा, पचोर थाना प्रभारी शंकुतला बामनिया, सारंगपुर थानाप्रभारी राहुल रघुवंशी, तलेन थाना प्रभारी धर्मवीर पलैया सहित पुलिस और नगरपालिका की संयुक्त टीम मौजूद रही। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग ड्रोन कैमरों और ग्राउंड टीमों द्वारा की गई।

प्रशासन की यह कार्रवाई गोवंश वध मामले में सख्त संदेश मानी जा रही है। बताया गया कि आरोपितों के खिलाफ पहले से गंभीर प्रकरण दर्ज हैं और जांच के बाद नियमानुसार यह कठोर कदम उठाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक