राजगढ़ःखाद वितरण में लापरवाही नहीं चलेगी, जरूरत के अनुसार बढ़ाएं काउंटर-कलेक्टर
राजगढ़,28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बुधवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों, लंबित शिकायतों और आगामी आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करें। किसानों को खाद वितरण में परेशानी नहीं होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार खाद वितरण काउंटर बढ़ाए जाएं। वहीं, पेयजल व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। स्थापना दिवस और रन फॉर यूनिटी की तैयारी कलेक्टर ने 1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही 31 अक्टूबर को होने वाली रन फॉर यूनिटी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खेल अधिकारी, एनआरएलएम और नगरीय प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।
पेयजल और खाद वितरण पर विशेष जोर
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल संबंधी समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप संचालक कृषि को डबल लॉक केंद्रों पर खाद वितरण प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। ब्यावरा और खिलचीपुर में पटवारी तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया गया।
शिकायतों के निराकरण में जवाबदेही तय होगी
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करने वाले गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर दिया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख को शिकायतकर्ताओं से स्वयं चर्चा कर उनकी समस्याएं समझने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने और मुख्यालय से बाहर रहने के मामले में सीएमएचओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जिला कोषालय अधिकारी को सभी विभागों से बजट लाइन समय पर प्रस्तुत करवाने को कहा। विशेष रूप से हितग्राहीमूलक योजनाओं के लिए बजट संबंधी प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा न आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक