राजगढ़ः जिला स्तरीय आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित
राजगढ़,30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आत्मा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, कृषि क्षेत्र में नवाचार और किसानों तक वैज्ञानिक खेती की तकनीकों को पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि खेतों तक दिखाई देना चाहिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि आत्मा योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण देना, नई खेती पद्धतियों से जोड़ना और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना के तहत अधिक से अधिक नवाचार किए जाएं, ताकि जिले के किसान वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन और लाभ दोनों बढ़ा सकें। कलेक्टर ने सभी विकासखंडों के एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी मैनेजर और ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर को निर्देश दिए कि वे क्लस्टर स्तर पर नियमित गतिविधियां संचालित करें, किसानों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और खेतों का भ्रमण कर उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन दें।
उन्होंने कहा कि हर गतिविधि का असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। बैठक में उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंतोषजनक प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी कर्मचारी का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया तो उसका वेतन रोकने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला कृषि अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक