राजगढ़ः घर से बिना बताए गायब हुए बालक को मंदसौर से किया दस्तयाब

 


राजगढ़, 30 सितम्बर (हि.स.)। बोड़ा थाना पुलिस टीम ने तकनीकी सहयोग व मुखबिर की सूचना पर दस दिन पहले घर से बिना बताए गायब हुए बालक को मंदसौर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत ने मंगलवार को बताया कि 27 सितम्बर को ग्राम कंडाराकोठरी निवासी 17 वर्षीय किशोर के परिजनों ने शिकायत दर्ज की, पांच-छह दिन पहले बालक बिना बताए घर से कहीं चला गया, आसपास के क्षेत्र व रिश्तेदारों में तलाश किया, नही मिलने पर थाना में सूचना दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ 137(2)बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी सहयोग व मुखबिर की सूचना पर मंदसौर में दबिश देकर 17 वर्षीय राहुल वर्मा को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। बताया गया है कि राहुल बोड़ा छात्रावास में रहकर कक्षा 12 वी की पढ़ाई कर रहा है, जो पैसों की जरुरत पूरी करने के उद्देश्य से काम के लिए बिना बताए चला गया था। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत, एएसआई मांगीलाल शिवहरे सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक