राजगढःकालातीत किसानों की सूची तैयार कर खसरे में दर्ज करें-कलेक्टर
राजगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार को आयोजित सहकारी संस्थाओं की समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने जिला सहकारी बैंक से जुड़े कालातीत (डिफाल्टर) किसानों की विस्तृत सूची तैयार कर उन्हें संबंधित खसरा अभिलेखों में दर्ज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में अंकित होने से वसूली प्रक्रिया और अधिक प्रभावी व पारदर्शी हो सकेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह कार्य शीघ्र और प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में सुस्तानी सोसायटी में वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतों पर भी कलेक्टर ने गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सोसायटी के संपूर्ण कार्यों की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिले की उन सभी सहकारी समितियों में, जहां ऋण की बकाया राशि अधिक है, विशेष वसूली अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वसूली कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सहकारी संस्थाओं का संचालन पारदर्शी, जवाबदेह और अनुशासित तरीके से करने के निर्देश दिए,ताकि किसानों को समय पर लाभ मिल सके और वित्तीय व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक