मुरैना: अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक में मारी टक्कर, दो की मौत, एक घायल

 


मुरैना, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर अनियंत्रित ट्रक कंटेनर ने शनिवार को बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दो बाइक सवार की मौत हो गई वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने घायल की शिकायत पर कंटेनर चालक के विरुद्ध दुर्घटना हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद जिले के नूराबाद थाना क्षेत्रान्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बिचोला के लिये मुड़ रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। अनियंत्रित ट्रक कंटेनर के द्वारा मारी गई टक्कर से दोनों बाइक सवार हिम्मत सिंह पुत्र बदन सिंह लोधी (40) तथा राधाकृष्ण पुत्र सुल्तान सिंह लोधी (38) निवासी थाना गोरमी जिला भिण्ड हाल निवासी शताब्दीपुरम ग्वालियर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवक दिनेश लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया।

दोनों मृतक ग्वालियर के शताब्दीपुरम से मुरैना के थाना माताबसैया थाना क्षेत्रान्तर्गत जा रहे थे। इनके साथ दिनेश लोधी भी अलग से जा रहा था। इनके परिजन की दुर्घटना में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस वाहन को लेने के लिये जाते समय दुर्घटना हुई। दुर्घटना को अंजाम देकर कंटेनर चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया।

सूचना मिलते ही नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी अपने पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंच गये। घायल होकर सडक़ पर दर्द से कराह रहे दिनेश लोधी को पुलिस ने इलाज के लिये पहुंचाया। वहीं दोनों मृतक हिम्मत लोधी तथा राधाकृष्ण लोधी के पोस्टमार्टम नूराबाद में कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।

घायल दिनेश ने पुलिस को कार्यवाही के लिये सूचना दी। इस पर पुलिस ने ट्रक कंटेनर के अज्ञात चालक के विरुद्ध दुर्घटना हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने ट्रक कंटेनर को जब्त कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा