मकान निर्माण में धोखाधड़ी करने के आरोप में शासकीय ठेकेदार को पांच वर्ष की जेल
दतिया, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया में मकान निर्माण के नाम पर लाखों रुपये लेकर अधूरा काम छोड़ने वाले शासकीय ठेकेदार और कांग्रेस के पूर्व संगठन मंत्री सुरेश झा को अदालत ने सोमवार को दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सविता जड़िया की अदालत ने आरोपी पर 3 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। करीब चार वर्ष पुराने इस मामले में अभियोजन की ओर से प्रस्तुत पीडब्ल्यूडी की तकनीकी वैल्यूएशन रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य अदालत के फैसले का आधार बने।
वर्ष 2021 में शारदा विहार कॉलोनी निवासी राजेंद्र दीक्षित और उनकी पत्नी ने अपने प्लॉट पर मकान निर्माण के लिए शासकीय ठेकेदार सुरेश झा से अनुबंध किया था। दंपती ने निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार को कुल 20.45 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी मकान का निर्माण पूरा नहीं हुआ। बार-बार मांगने पर न तो शेष काम कराया गया और न ही बची हुई राशि लौटाई गई।
मामले की जांच के दौरान पीडब्ल्यूडी के एसडीओ ने निर्माणाधीन मकान का तकनीकी मूल्यांकन कराया। रिपोर्ट में सामने आया कि मौके पर केवल 11 लाख रुपये के निर्माण कार्य की पुष्टि हुई, जबकि करीब 9.45 लाख रुपये का हिसाब नहीं मिला। शिकायतकर्ता का आरोप था कि शेष राशि हड़प ली गई और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस पर थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ धारा 420, 406, 409, 504 और 506-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में चालान पेश किया।
करीब तीन वर्ष तक चले विचारण के दौरान अपर लोक अभियोजक राजेश पस्तोर ने पीडब्ल्यूडी की वैल्यूएशन रिपोर्ट सहित दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्य अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए। साक्ष्यों और तर्कों से सहमत होते हुए न्यायालय ने आरोपी सुरेश झा को दोषी करार दिया और पांच वर्ष के सश्रम कारावास के साथ तीन हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा