मंदसौरः कलेक्टर ने होली उत्पाद स्टॉल का किया शुभारंभ, स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा प्रोत्साहन
मंदसौर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन देने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को मंदसौर में कलेक्टर अदिति गर्ग ने होली उत्पाद स्टॉल का शुभारंभ किया।
यह स्टॉल 28 फरवरी 2026 से 01 मार्च 2026 तक जनपद पंचायत मंदसौर परिसर में प्रतिदिन प्रात: 10:00 बजे से रात्रि तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में जिले के विभिन्न स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है।
आजीविका मिशन के संचालक ने बताया कि स्टॉल में घरेलू उपयोग की सामग्री, खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प एवं सजावटी वस्तुओं सहित स्थानीय स्तर पर निर्मित अनेक उत्पाद उपलब्ध हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अगरबत्ती, हवन सामग्री, गुलाब उत्पाद, गाय के गोबर से निर्मित कंडे, हार-चूड़ी, बाग प्रिंट, ऊन से बनी रंगोली सहित विभिन्न हस्तशिल्प सामग्री प्रदर्शित की गई है। खाद्य उत्पादों में अचार, घी, नेचुरल जूस, सेव, मिर्ची, हल्दी, पापड़, चावल से बने उत्पाद सहित अनेक सामग्री बिक्री हेतु उपलब्ध हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद उच्च गुणवत्ता के होने के साथ-साथ लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदर्शित किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदी कर उन्हें प्रोत्साहित करें। इस अवसर पर आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक गोरा ठाकुर, विकासखंड प्रबंधक मंदसौर अल्केश कटलाना तथा मंदसौर, सीतामऊ एवं गरोठ विकासखंड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया