मंदसौरः कलेक्टर ने कहा- जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध
मंदसौर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि जिले में रबी फसलों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। किसान आसानी से सभी प्रकार के उर्वरक प्राप्त कर सकें इसके लिए वितरण व्यवस्था को और आसान किया जा रहा है।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह द्वारा रविवार को कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष में भारतीय किसान संघ के जिले के पदाधिकारियो के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कार्य योजना तैयार की गई। किसानों को बगैर परेशानी के आसानी से उर्वरक उपलब्ध हो सके इसकी रूपरेखा कलेक्टर द्वारा निर्धारित की गई।
बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला पदाधिकारी भंवर सिंह पवार, प्रीतिपाल सिंह देवड़ा, सुश्री आशा कुंवर राठौर, राधेश्याम भाटी, बालेश्वर पाटीदार, उपसंचालक कृषि रविंद्र मोदी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक सुनील कछारा, मार्केटिंग फेडरेशन जिला अधिकारी सुश्री गरिमा सेंगर सहित सहकारिता आदि अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान कम से कम समय में आसानी से सभी प्रकार के उर्वरक प्राप्त कर सके। इसके लिए चौकस रहकर गंभीरता से कार्य करें। नगद विक्रय केंद्रों के समय में भी वृद्धि की जा रही है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अब जिले के सभी 13 नगद विक्रय केंद्र प्रात: 8:00 बजे से कार्य करेंगे। इसके साथ ही शनिवार को भी नगद विक्रय केंद्र खुला रखा जाएगा। जिससे अधिकाधिक किसान लाभ उठा सकेंगे और अधिक पीओएस मशीनों की आवश्यकता की दृष्टिगत कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण केंद्रों पर पीओएस मशीनों की संख्या में पर्याप्त संख्या में वृद्धि की जाए।
बैठक में बताया गया कि जिले में सेवा सहकारी समितियो, नगद विक्रय केंद्रों के अलावा 104 प्राइवेट दुकानों पर भी उर्वरक विक्रय के लिए उपलब्ध है जहां से किसान उर्वरक क्रय कर सकते हैं। कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि जिले की प्राइवेट दुकानों की जानकारी का भी सघन प्रचार प्रसार किया जाए ताकि किसानों को प्राइवेट दुकानों के संबंध में भी जानकारी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया