मंदसौर में सोयाबीन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 16.40 क्विंटल माल और पिकअप जब्त

 


मंदसौर, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रमोहन सैनी के यहां हुई सोयाबीन चोरी की वारदात का नई आबादी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का 16 क्विंटल 40 किलोग्राम सोयाबीन और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की है। जब्त माल और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सीतामऊ फाटक ब्रिज के नीचे बने ब्लॉक से अज्ञात बदमाश सोयाबीन चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर नई आबादी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए श्रवण मोंगिया को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में 21 वर्षीय श्रवण पुत्र रामचंद्र मोंगिया निवासी नई आबादी अफजलपुर ने अपने साथी हंसराज पिता बाबुसिंह उर्फ बाबुलाल मोंगिया और राकेश पुत्र भोमसिंह मोंगिया, दोनों निवासी रंगाराखेड़ी, थाना कानवन, जिला धार के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सोयाबीन और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त कर लिया। दोनों साथी फिलहाल फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में श्रवण ने मंदसौर जिले के अफजलपुर और सीतामऊ के अलावा रतलाम जिले के असावती क्षेत्र में सोयाबीन और लहसुन चोरी की अन्य वारदातों में भी शामिल होना बताया है। जांच में उसके खिलाफ अफजलपुर थाने में चोरी और नकबजनी के चार पुराने मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया