भाजपा की संभागीय संगठनात्मक बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ता सशक्तीकरण और जनसेवा पर जोर

 




छिंदवाड़ा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की छिंदवाड़ा संभागीय संगठनात्मक बैठक में गुरुवार को संगठन की कार्यपद्धति, आगामी कार्ययोजना, जनसेवा, कार्यकर्ता सशक्तीकरण तथा संगठनात्मक चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा के अनुरूप सक्रियता से कार्य करने तथा जनविश्वास को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को निरंतर समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा दी। बैठक में संभाग की संगठनात्मक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। सभी जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों की संगठनात्मक रिपोर्ट रखी तथा जिलेवार चुनौतियों और संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक का संचालन संभाग प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने किया तथा आभार प्रदर्शन भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने किया। मंच संचालन जिला महामंत्री कमलेश उइके ने किया।

कार्यकर्ता संगठन की रीढ़, हर दायित्व महत्वपूर्ण : श्री चंद्रशेखर

इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भारतभूमि में जन्म लेना सौभाग्य की बात है और देशभक्ति एवं समाजसेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाले संगठन का कार्यकर्ता बनना एक बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा का कार्यकर्ता बनना और निरंतर संगठन के लिए काम करना आसान नहीं है। इसके पीछे लंबे संघर्ष, आंदोलनों, यात्राओं और अनेक कार्यकर्ताओं का समर्पण रहा है।

उन्होंने नवरात्रि एवं विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर सेवा और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। बैठक में संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि संगठन में कोई दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता। प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। पार्टी की कार्यपद्धति, विचारधारा, नियमित बैठकें और नियमित प्रवास संगठन को मजबूत बनाते हैं। जहां पार्टी की पहुंच अभी तक नहीं बनी है, वहां संगठन का विस्तार कर उसे व्यवस्थित करना आवश्यक है। मध्यप्रदेश की संगठनात्मक कार्यपद्धति और माइक्रो मैनेजमेंट को प्रभावी मॉडल बताते हुए उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती और सामूहिक प्रयास ही सफलता का आधार हैं।

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा को सर्वस्पर्शी संगठन बनाना है। कार्यकर्ताओं को अपनी बात पूरी ताकत और तथ्यों के साथ जनता के बीच रखनी चाहिए। आज राजनीतिक संघर्ष केवल चुनावी प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक मुद्दों, वैचारिक विमर्श और जनमानस में नैरेटिव स्थापित करने की भी चुनौती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सजग, सक्रिय और संवादशील रहना होगा।

उन्होंने गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण और मध्यप्रदेश में सड़क एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। इस विश्वास को बनाए रखना और जनसेवा के माध्यम से उसे और मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने पारस्परिकता, सामूहिकता और महिला सम्मान को संगठनात्मक कार्यशैली का महत्वपूर्ण आधार बताया तथा आगामी चुनौतियों का सामना एकजुट होकर करने का आह्वान किया।

भाजपा में छोटे कार्यकर्ता को भी मिलता है आगे बढ़ने का अवसर : डॉ. ढाल सिंह बिसेन

उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने अपने संबोधन में कहा कि वे जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक की संगठनात्मक यात्रा के साक्षी रहे हैं। मंडल अध्यक्ष, मार्केटिंग सोसायटी के सदस्य, विधायक, मंत्री और सांसद के रूप में कार्य करने के बाद राज्यपाल जैसे संवैधानिक दायित्व तक पहुंचने का अवसर भाजपा में निरंतर कार्य और समर्पण के कारण मिला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता को भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। कार्यकर्ताओं को केवल भाजपा की चिंता करनी चाहिए, पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की चिंता करती है। अवसर मिलने पर अहंकार और अवसर न मिलने पर निराशा नहीं होनी चाहिए। निरंतर चलते रहना ही संगठनात्मक जीवन का मूल मंत्र है।

डॉ. बिसेन ने कहा कि सत्ता हमारे लिए सेवा का साधन है। कार्यकर्ताओं को भाजपा रूपी वृक्ष को अपने परिश्रम, समर्पण और निष्ठा से सींचते रहना चाहिए। पार्टी प्रत्येक कार्यकर्ता के योगदान का ध्यान रखती है और समय आने पर उसे उचित अवसर मिलता है। उन्होंने बैठक के अंतिम दिन सभी कार्यकर्ताओं से मिल पाने पर आभार व्यक्त किया तथा बताया कि 19 तारीख के बाद वे पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सकेंगे।

जिलों की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा

बैठक में संभाग के सभी जिलों की संगठनात्मक एवं प्रशासनिक स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान सभी जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों की संगठनात्मक गतिविधियों, उपलब्धियों और चुनौतियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने जिला अध्यक्षों से संगठनात्मक कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, नियमित बैठकों एवं प्रवास को प्राथमिकता देने तथा जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और सामूहिकता के साथ कार्य करते हुए भाजपा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्य रूप से ये रहे उपस्थित

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, संभाग प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी के अलावा जिला प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, अभिलाष मिश्रा, अशोक रोहाणी, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, संदीप मोहोड, मीना बिसेन, रामकिशोर कावरे, सांसद विवेक बंटी साहू, भारती पारधी, फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक कमलेश शाह, दिनेश मुनमुन राय, गौरव पारधी, राजकुमार करहि, कमल मर्सकोले तथा प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य दीपक सक्सेना सहित संभाग के विभिन्न जिलों के जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं आपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan