बूथ से प्रदेश स्तर तक सतत संवाद और समन्वय संगठन की मजबूती का आधार: हेमंत खंडेलवाल
-भाजपा की बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर दिया गया जोर
भोपाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने बैठक को संबोधित किया। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद, प्रशिक्षण, प्रवास और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि संगठन की सक्रियता का असर अब बूथ स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बूथ स्तर पर सहभागिता में पिछले कुछ महीनों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में बेहतर कार्य हुआ है और आगामी कार्यक्रमों को भी प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए कार्यकर्ता जुटे हैं।
नियमित बैठक और प्रवास पर जोर
खंडेलवाल ने कहा कि जिला, मंडल और बूथ स्तर तक नियमित बैठक, प्रवास और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद सुनिश्चित किया जा रहा है। जिलों और संभागों की बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। प्रदेश पदाधिकारी जिलों में पहुंचकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और बूथ टोली के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की गतिविधियों को नीचे तक प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर संवाद जरूरी है। सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यों की जानकारी भी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाएगी।
पद नहीं, कार्यकर्ता का विश्वास महत्वपूर्ण : देब
प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि संगठन में दायित्व मिलना और बदलना स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन पदाधिकारी का व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि दायित्व बदलने के बाद भी कार्यकर्ता उन्हें सम्मान और विश्वास के साथ याद करें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्व का जिम्मेदारी से निर्वहन करने और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा।
प्रदेश प्रभारीदेब ने कहा कि मंडल, जिला, संभाग, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुख तक संगठन की स्पष्ट व्यवस्था है। प्रत्येक स्तर के पदाधिकारी की सक्रियता संगठन की मजबूती का आधार है। उन्होंने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, अनुशासन और संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति को सेवा का माध्यम मानती है। कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
पंचायत से लोकसभा तक तैयारी पर जोर
प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा संगठन मजबूत और सक्रिय है। बैठक में मिले मार्गदर्शन को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया जाएगा। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और समन्वय बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम लगातार जारी रहेगा। संगठन आगामी पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए भी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर तैयारी करेगा।
जनविश्वास बनाए रखना प्राथमिकता : चंद्रशेखर
संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा संगठन वर्षों के संघर्ष, त्याग और लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत हुआ है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन की प्रमुख ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना और आपसी समन्वय के साथ संगठन को आगे बढ़ाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन और जनसेवा के माध्यम से जनता के विश्वास को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
चंद्रशेखर ने 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर खादी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के आगामी कार्यक्रम भी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे