पीथमपुर में निर्माणाधीन रेलवे टनल का केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर
धार, 02 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा है कि लोकसभा क्षेत्र में संचालित रेल अवसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इसी क्रम में गुरूवार को उन्होंने पीथमपुर में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे के साथ निर्माणाधीन रेलवे टनल और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे करीब 70 फीट नीचे उतरकर टनल के भीतर पहुंचीं और रेलवे धक्का गाड़ी से यात्रा करते हुए आजादी के बाद पश्चिम रेलवे की सबसे बड़ी निर्माणाधीन रेलवे टनल की प्रगति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं जनता के विश्वास से जुड़ी होती हैं, इसलिए पारदर्शिता, गुणवत्ता और कार्यों में तेजी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है तथा धार संसदीय क्षेत्र भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्विनी कुमार सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi