निगम आयुक्त ने राजधानी की सड़कों पर उतरकर परखी स्वच्छता व्यवस्था, धूल-मिट्टी हटाने के दिए निर्देश

 


भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने गुरुवार सुबह राजधानी भाेपाल के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडर, सेंट्रल वर्ज और विद्युत खंभों के आसपास जमा धूल-मिट्टी एवं कचरे को मौके पर दिखाकर अधिकारियों को स्वच्छता की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने अपने समक्ष रोड स्वीपिंग मशीन और ईवी रोड स्वीपर से सफाई भी कराई तथा व्यवस्था में सुधार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निगम आयुक्त ने टीटी नगर, रोशनपुरा, जीटीबी कॉम्प्लेक्स, बेतवा अपार्टमेंट, न्यू मार्केट और नेहरू नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का करीब दो घंटे तक निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों और फुटपाथों के किनारे जमा धूल-मिट्टी को पैर से खुरचकर दिखाया और नियमित रूप से मशीनों के माध्यम से सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोड स्वीपिंग मशीनों से सफाई इस प्रकार कराई जाए, जिससे यातायात बाधित न हो।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज और डिवाइडर की सफाई के साथ उनकी पेंटिंग कराने, पौधों की छंटाई करने तथा नए पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधों की नियमित सिंचाई और हरित क्षेत्रों के बेहतर रखरखाव पर भी जोर दिया। इसके अलावा ठेले एवं गुमठियों को पीछे हटवाने, बाणगंगा क्षेत्र में फुटपाथों से वाहन हटाने और जीटीबी कॉम्प्लेक्स स्थित पार्क की सफाई कराने को कहा।

आयुक्त ने रंगमहल से न्यू मार्केट तक सड़क किनारे खड़े ठेलों को हटाकर व्यवस्थित सफाई कराने तथा निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे (सीएंडडी वेस्ट) को तत्काल उठवाने के निर्देश भी दिए।

प्रेमपुरा घाट पर प्रतिमा अवशेषों के व्यवस्थित निष्पादन के निर्देश

निगम आयुक्त अहिरवार ने प्रेमपुरा विसर्जन घाट का निरीक्षण कर विसर्जित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के अवशेषों के निष्पादन और जलाशय की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने प्रतिमाओं के अवशेषों को व्यवस्थित ढंग से जलाशय से निकालने तथा जलाशय की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवशेषों में शामिल बांस आदि का उपयोग उद्यानिकी कार्यों में करने को कहा।

कचरे के सभी घटकों के पुनर्चक्रण पर जोर

आयुक्त ने भदभदा स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली, सामग्री पुनर्प्राप्ति केंद्र (एमआरएफ), कचरे के पृथक्कीकरण और विभिन्न घटकों के पुनर्चक्रण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्टेशन पर आने वाले अपशिष्ट में शामिल सभी प्रकार की उपयोगी सामग्रियों का पुनर्चक्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कागज के पुनर्चक्रण से डायरी और नोटबुक जैसे उत्पाद तैयार करने के लिए निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को भी कहा। निगम आयुक्त ने अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा कचरे का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, अतिक्रमण दस्ते के प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा