झाबुआ: सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति के साथ आयोजित किया गया विक्रमोत्सव 2026

 






झाबुआ, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला मुख्यालय के निकट ग्राम पंचायत चारोली पाड़ा में गुरुवार को विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत सूर्य नमस्कार सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। ग्राम चारोलीपाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात डीआरपी लाइन सामुदायिक भवन में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति “सम्राट विक्रमादित्य” का मंचन किया गया।

आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर नेहा मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपालसिंह महोबिया सहित जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन मौजूद रहे।

आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों एवं ग्रामवासियों द्वारा सूर्य देवता को वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ जल का अर्घ्य देकर सूर्य उपासना की गई। साथ ही ब्रम्हध्वज को स्थापित किया गया। तत्पश्चात स्थानीय डीआरपी लाइन सामुदायिक भवन में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति “सम्राट विक्रमादित्य” का मंचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नाट्य प्रस्तुत करने वाले कलाकारों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री निर्मला भूरिया ने देवी सरस्वती के चित्र की पूजा कर दीप प्रज्ज्वलित किया।

मंत्री निर्मला भूरिया ने समस्त उपस्थितजनों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नववर्ष के शुभारम्भ पर सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति “सम्राट विक्रमादित्य” के मंचन से नई पीढ़ी को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया जा सकेगा।

कलेक्टर नेहा मीना द्वारा हिन्दू नववर्ष प्रारंभ होने के संबंध में अवगत कराया कि हिन्दू नववर्ष की शुरुआत शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से मानी जाती है और आज विक्रम संवत 2083 का आरम्भ हो रहा है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी सम्राट विक्रमादित्य के शौर्य के बारे में जाने एवं हमारी प्राचीन संस्कृति एवं परंपरा को नहीं भूले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा