झाबुआ: जय जगदीश के उद्घौष से निकाली गई भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा

 






झाबुआ, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला मुख्यालय पर जय जगदीश, जय श्री जगन्नाथ और जयश्री कृष्ण के दिव्य उद्घोष के बीच परंपरागत विधि विधान से संगीत ध्वनि, गायन और वादन के साथ हर्षोल्लास पूर्वक एवं धूमधाम से गुरूवार को भगवान् श्री जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई।

रथयात्रा में बड़ी संख्या में नगर सहित दूरदराज के इलाकों से आए श्रद्धालु सम्मिलित हुए और भगवान् का रथ खींचने तथा यात्रा पथ बुहारने के अवसर का लाभ उठाया। नगर के मुख्य रास्तों से होकर गुजरती यात्रा का पूरे रास्तेभर फूल बरसाते हुए स्वागत अभिनन्दन किया गया। इस मौके पर माकूल पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।

उड़ीसा के विश्वप्रसिद्ध जगन्नाथपुरी की परंपरा पर आधारित भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का शुभारंभ नगर के प्राचीन जगदीश मंदिर से हुआ। रथयात्रा के आरंभ में सर्वप्रथम भगवान् श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना की गई, तदंतर रथयात्रा के पथ पर मंगल सूचक श्रीफल चढ़ाया गया और फिर भगवान् श्री जगदीश मंदिर के सेवादारों, मंदिर से जुड़े आराधकों और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भगवान् जगदीश का यात्रा पथ बुहारा और भगवान् को यात्रा हेतु निवेदन किया।

इस वर्ष आयोजित रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ जिला कलेक्टर डॉ योगेश तुकाराम भरसट भी जगदीश मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की, और भगवान् श्री जगदीश को श्रीफल चढ़ा कर यात्रा पथ बुहारा। उन्होंने भगवान के रथ की सेवा करते हुए एवं रथ यात्रा में सहभागी बनकर श्रद्धालुओं को अपने अपने इष्ट के प्रति आस्था, श्रद्धा और समर्पण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा