झाबुआ: गणेश मंदिर में समारोह पूर्वक हुआ शुभ लाभ प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
झाबुआ, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला मुख्यालय स्थित श्री गणेश मंदिर में दो दिवसीय शुभ लाभ प्राण प्रतिष्ठा का अभिनव आयोजन पंडित हिमांशु शुक्ल के आचार्यत्व में रविवार को समारोह पूर्वक संपन्न हो गया। इस अवसर पर दूरस्थ इलाकों से आए श्रद्धालुओं सहित नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय स्थित प्राचीन श्री रिद्धि सिद्धि गणेश मंदिर में शुभ लाभ की प्रतिमाओं का दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, चतुर्भुज ज्यौतिष संस्थान के कार्यकारी प्रमुख एवं यज्ञाचार्य पंडित हिमांशु शुक्ल के आचार्यत्व में रविवार को अभिजीत मुहूर्त में प्रतिमाओं की विधि विधान पूर्वक प्राण प्रतिष्ठा के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में दूरस्थ इलाकों से आए श्रद्धालुओं सहित नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के संबंध में पंडित हिमांशु शुक्ल ने बताया कि दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पूर्व शुक्रवार को प्रायश्चित कर्म कराया गया। तत्पश्चात् शनिवार 18 अप्रैल को मंडल स्थापना एवं पूजन के बाद प्रतिमाओं का जलाधिवास, अन्नाधिवास, शय्याधिवास सहित विधि पूर्वक अग्नि स्थापना की गई। जबकि आज रविवार 19 अप्रैल को मूर्ति न्यास, पिंडी पूजन एवं अभिजीत मुहूर्त में प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा समारोह पूर्वक संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा