झाबुआ: अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया गया

 




झाबुआ, 06 अप्रैल (हि.स.)। संकल्प से समाधान अभियान के माध्यम से जिले में आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया गया है। विशेष रूप से जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।

उक्त विचार प्रदेश के जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह द्वारा व्यक्त किए गए। मंत्री डॉ विजय शाह मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला मुख्यालय पर सोमवार को आयोजित संकल्प से समाधान अभियान के जिला स्तरीय शिविर एवं समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संबोधन दे रहे थे।

प्रभारी मंत्री विजय शाह ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री के नैतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में “संकल्प से समाधान अभियान” का प्रभावी संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में कलेक्टर के नेतृत्व में जिला प्रशासन की पूरी टीम ने समर्पण, समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ट कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप अभियान को व्यापक रूप से सफलता मिली है।

आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि पेंशन योजनाओं में 5,000 नए हितग्राहियों को जोड़ा गया है, जो सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि कक्षा 5 वीं एवं 8 वीं के परीक्षा परिणामों में जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। साथ ही आंगनवाड़ी भवनों की स्वीकृति से बच्चों के प्रारंभिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा