जबलपुर : रैन बसेरों में अवैध वसूली करने वाले सिटी मिशन मैनेजर की सेवा समाप्त

 


जबलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम ने शहर के रैन बसेरों में ठहरने वाले आगंतुकों और बेघर लोगों से अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी सिटी मिशन मैनेजर चंदन कुमार प्रजापति को तत्काल प्रभाव से पद से पृथक कर दिया गया है।

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को सेवा समाप्त करने संबंधी आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में बताया गया कि रैन बसेरों में आर्थिक अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर कलेक्टर जबलपुर के निर्देशों के बाद मामले की गहन जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में चंदन कुमार प्रजापति की अवैध लेन-देन में सक्रिय भूमिका की पुष्टि हुई, जिसके बाद निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर यह सख्त कदम उठाया गया है।

निगमायुक्त अहिरवार ने कहा कि रैन बसेरों का उद्देश्य बेघर और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क एवं सुरक्षित आश्रय देना है। ऐसे स्थानों पर किसी भी प्रकार के अवैध लेन-देन पर नगर निगम अब पूरी तरह सख्त है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर होने वाली गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक