अशोकनगर: मुंगावली का नामकरण ‘विद्यार्थी नगर’ करने मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

 


अशोकनगर, 05 नम्बर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में अमर शहीद, निर्भीक पत्रकार एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की ऐतिहासिक कर्मस्थली मुंगावली को उनके नाम से पहचान दिलाने की मांग तेज हो गई है। जिला पत्रकार संघ ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर साकेत मालवीय को ज्ञापन सौंपकर मुंगावली का नामकरण ‘विद्यार्थी नगर’ किए जाने तथा रेलवे स्टेशन पर उनके जीवन, संघर्ष, पत्रकारिता और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को दर्शाता स्मृति शिलालेख स्थापित करने की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि गणेश शंकर विद्यार्थी का मुंगावली से गहरा ऐतिहासिक और पारिवारिक संबंध रहा है। अंग्रेजी शासनकाल में वे यहां तत्कालीन वर्नाएंग्लो स्कूल में अध्ययनरत रहे थे। विद्यालय के उपस्थिति रजिस्टर में आज भी उनके अध्ययन के प्रमाण मौजूद होने की बात कही गई है। उनके पिता जनारायण कायस्थ भी इसी क्षेत्र में शिक्षक के पद पर कार्यरत रहे थे। इस प्रकार मुंगावली की धरती विद्यार्थी जी के जीवन और वैचारिक निर्माण की महत्वपूर्ण साक्षी रही है।

ज्ञापन में कहा गया कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपनी निर्भीक लेखनी और समाचार पत्र ‘प्रताप’ के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका व्यक्तित्व आज भी भारतीय पत्रकारिता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणास्रोत है।

जिला पत्रकार संघ ने कहा कि मुंगावली में उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए स्मारक की स्थापना की जानी चाहिए, जिससे भावी पीढय़िां उनके संघर्ष और योगदान से परिचित हो सकें। देश के विभिन्न शहरों में अनेक महापुरुषों के नाम पर स्मारक और संस्थान स्थापित हैं, ऐसे में जिस नगरी की मिट्टी से गणेश शंकर विद्यार्थी की स्मृतियां जुड़ी हैं, उसकी पहचान भी उनके नाम से होनी चाहिए।

संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि मुंगावली का नामकरण अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की स्मृति में ‘विद्यार्थी नगर’ किया जाए तथा मुंगावली रेलवे स्टेशन पर उनके जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को रेखांकित करता स्मृति शिलालेख स्थापित कराया जाए।

ज्ञापन के माध्यम से जिला पत्रकार संघ ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस ऐतिहासिक एवं जनभावनाओं से जुड़ी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर महान पत्रकार और स्वतंत्रता सेनानी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार