अशोकनगर: खाद वितरण को लेकर कलेक्टर ने बताई व्यवस्था
अशोकनगर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के किसानों को अब खाद के लिए लंबी कतारों और अव्यवस्था से पूरी तरह मुक्ति मिलने का दावा किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से जिले में पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से खाद का वितरण किया जा रहा है।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलेक्टर साकेत मालवीय ने इस पूरी वितरण प्रणाली और रबी फसल उपार्जन के आंकड़ों का विस्तृत ब्यौरा मीडिया के सामने रखा।
बलराम ऐप से 34 हजार से अधिक टोकन बुक:कलेक्टर मालवीय ने बताया कि 01 अप्रैल से जिले में ई-विकास पोर्टल और बलराम ऐप के माध्यम से ई-टोकन प्रणाली सुचारू रूप से काम कर रही है। पोर्टल पर स्टॉक की लाइव जानकारी उपलब्ध रहती है, जिससे किसान आसानी से अपना टोकन बुक कर पा रहे हैं। बताया गया कि अब तक की बड़ी उपलब्धि 1 अप्रैल से आज दिनांक तक जिले में 34,971 टोकन बुक किए जा चुके हैं। ई-टोकन के माध्यम से अब तक 13,495 किसानों को 7,730 मीट्रिक टन उर्वरक का सुरक्षित वितरण किया जा चुका है। बताया गया कि जिले में 121 सेलिंग पॉइंट्स पर व्यवस्था; तय की गई प्रतिदिन की सीमा खाद वितरण को विकेंद्रीकृत करने के लिए जिले में कुल 121 सेलिंग पॉइंट सक्रिय हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिदिन टोकन बुकिंग की सीमा भी तय की गई है।
मार्कफेड केंद्र (03): प्रतिदिन 300 टोकन
निजी विक्रेता (55): प्रतिदिन 200 टोकन
पैक्स समितियां (62): प्रतिदिन 100 टोकन
एमपी एग्रो (01): प्रतिदिन 100 टोकन
बताया गया कि सहकारी समितियों से केवल समिति के सदस्य किसान ही खाद प्राप्त कर सकेंगे। जो किसान समिति के सदस्य नहीं हैं, वे डबल लॉक केंद्र, एमपी एग्रो या निजी विक्रेताओं से खाद ले सकते हैं। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी निजी विक्रेताओं को अपनी दुकान पर खाद की रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य होगा।
गेहूं-चना और मसूर बेचने वाले किसानों का भुगतान अंतिम चरण में:प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्ष 2026-27 के दौरान हुए फसल उपार्जन (समर्थन मूल्य पर खरीदी) की सफलता के आंकड़े भी साझा किए गए। जिले में गेहूं, चना और मसूर की रिकॉर्ड खरीदी हुई है। गेहूं उपार्जन के रूप में जिले के 7,422 किसानों से कुल 60,392 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। इसमें से 7,010 किसानों को 142.48 करोड़ राशि का भुगतान सीधे उनके खातों में कर दिया गया है। शेष बचे किसानों का भुगतान आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।चना उपार्जन: 1,908 किसानों से 5,187 टन चने की खरीदी की गई। मसूर उपार्जन: 10,428 किसानों से 31,209 टन मसूर की खरीदी संपन्न हुई।इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपर कलेक्टर डी.एन. सिंह, उप संचालक (किसान कल्याण एवं कृषि विकास) श्री अमित भदौरिया सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकारगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार