अनूपपुर: सेफ क्लिक अभियान 2.0 जारी, छात्र-छात्राओं की साइबर अपराधों पर जागरूकता रैली निकाल किया जागरूक
अनूपपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा 'सेफ क्लिक अभियान 2.0' चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी जी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा सायबर अपराधो से बचाव के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
मंगलवार को जिला मुख्यालय में अनूठी पहल करते हुए कोतवाली पुलिस ने स्कूली बच्चों के साथ मिलकर एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। जिसमें शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के लगभग 500 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने पुलिस के साथ मिलकर सक्रिय सहभागिता निभाई। रैली शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से शुरू होकर अमरकंटक तिराहा होते हुए वापस स्कूल पर समाप्त हुई।
करीब दो किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह से नारे लगाए। उन्होंने राहगीरों और दुकानदारों को साइबर ठगी से बचने के प्रति सचेत किया। रैली में बच्चों के हाथों में साइबर सुरक्षा से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां थीं, जो सभी का ध्यान आकर्षित कर रही थीं।
छात्रों ने अंजान लिंक पर क्लिक नहीं –सायबर ठगी को मौका नहीं, मजबूत पासवर्ड अपनाएं – सायबर हमलों को दूर भगाएं, ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा किया तो मिलेगा दर्द, और लालच में न आएं, सायबर ठगी से खुद को बचाएं जैसे नारे लगाए। अंत में कोतवाली पुलिस और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से आम जनता से अपील की कि वे किसी भी तरह के ऑनलाइन लेन-देन में जल्दबाजी न करें। साथ ही, हर अजनबी कॉल और फर्जी संदेशों से सावधान रहने का आग्रह किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला