अनूपपुर: संभागायुक्त ने नल-जल योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

 




अनूपपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार को शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हनी के तिवारी टोला में जल जीवन मिशन के तहत संचालित नल-जल योजना का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राही बलराम सिंह एवं बसीन सिंह के आवास पर पहुंचकर नल के माध्यम से प्रदाय किए जा रहे पेयजल की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया।

संभागायुक्त ने हितग्राहियों से प्रत्यक्ष चर्चा कर जल आपूर्ति की अवधि एवं उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। हितग्राहियों द्वारा अवगत कराया गया कि प्रतिदिन प्रातः लगभग 9:00 बजे नल के माध्यम से 30 मिनट तक जल प्रदाय होता है, जिससे उनकी दैनिक आवश्यकता की पूर्ति हो जाती है। इस दौरान ग्राम पंचायत बम्हनी में प्रदत्त नल कनेक्शनों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि ग्राम पंचायत अंतर्गत कुल 96 परिवारों को नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। कमिश्नर ने ग्राम सरपंच सुनीता संत से भी योजना के क्रियान्वयन की स्थिति जानी। सरपंच द्वारा समस्त घरों में पेयजल उपलब्ध होने की पुष्टि किए जाने पर संतोष व्यक्त किया।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, कार्य पालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अमित शाह सहित नल जल योजना से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

दमेहड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

संभागायुक्त ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत दमेहड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए एएनसी पंजीयन, जांच तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डिलीवरी की सुविधा तथा स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत व्यवस्थाएं, भर्ती मरीज कक्ष, पानी, शौचालय आदि का विस्तार से निरीक्षण करते हुए मौके पर उपस्थित प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।

साथ ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट दमेहडी का निरीक्षण

जल गुणवत्ता परीक्षण एवं रियल टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था की समीक्षा की

संभागायुक्त ने पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मध्य प्रदेश जल निगम द्वारा संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट दमेहडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट परिसर स्थित लैब, रॉ वॉटर एरिएटर, क्लोरीफायर यूनिट, जल परीक्षण कक्ष, ग्लास चैंबर, रियल टाइम मॉनिटरिंग कक्ष 1 सहित विभिन्न परीक्षण यंत्रों का अवलोकन कर तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। जिस पर जल शोधन की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयोगशाला में किए जा रहे जल परीक्षणों की पद्धति एवं अभिलेखों का भी परीक्षण किया तथा आवश्यक सावधानियां बरतने पर बल दिया।

संभागायुक्त ने प्लांट की स्थापित क्षमता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिस पर महाप्रबंधक, जल निगम द्वारा अवगत कराया गया कि प्लांट की कुल क्षमता 10.5 मिलियन लीटर प्रतिदिन है, जबकि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 7.2 मिलियन लीटर नर्मदा नदी का जल क्लोरीन, फिटकरी एवं चूना के माध्यम से शुद्ध कर 75 ग्रामों में पेयजल के रूप में आपूर्ति किया जा रहा है। कमिश्नर श्रीमती गुप्ता ने स्काडा सिस्टम कक्ष में पहुंचकर जल गुणवत्ता की रियल टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था की समीक्षा की तथा सतत निगरानी एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान महाप्रबंधक जल निगम पलक जैन, संयंत्र प्रभारी अमित कुमार फील्ड इंजीनियर महिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

शिवानी संगम स्थित कल्पवृक्ष गेवियन संरचना का जायजा

संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम सिवनी संगम स्थित कल्पवृक्ष के संरक्षण के लिए बनाए गए ग्रेवियन संरचना का जायजा लिया गया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी प्राप्त की जिपं सीईओ ने कल्पवृक्ष परिसर के विकास से संबंधित कार्यों के संबंध में अवगत कराया ।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला