अनूपपुर: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द मामले को लेकर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

 




अनूपपुर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में राज्य सभा के लिए कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में मंगलवर को दो जगहों जिला युवा कांग्रेस भालूमाड़ा में एवं कोतमा नगर में एनएसयूआई ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर भाजपा एवं चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। साथ ही राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर लोकतंत्र की रक्षा तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की गई।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत ने लोकतंत्र की आत्मा को घायल करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग के हाथ लोकतंत्र के खून से सने हुए हैं। संविधान की मर्यादाओं को तार-तार करते हुए कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।

एनएसयूआई जताया विरोध, किया पुतला दहन

कोतमा नगर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराते हुए भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तहसीदार कोतमा को सौंपा।

ज्ञापन में मांग करते हुए लेख किया गया कि विपक्षी दलों के प्रत्याशियों को सत्ता के दबाव में चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने की तानाशाही प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली एवं निष्पक्षता की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए। दुर्भावनापूर्ण मंशा से नामांकन पत्र निरस्त करने वाले संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को तत्काल निलंबित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी अहमद के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि जनहित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला