अनूपपुर: कलेक्टर का औचक निरीक्षण, दो अधिकारियों को नोटिस
अनूपपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कलेक्टर रत्नाकर झा ने शनिवार को फुनगा और बदरा क्षेत्र के सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। फुनगा के जनजातीय बालक सीनियर छात्रावास में पौधारोपण के निर्देशों का पालन नहीं होने और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मझगंवा के खाद-बीज केंद्र में अव्यवस्था मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधीक्षक और समिति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
छात्रावास में तय संख्या में नहीं मिले पौधे
कलेक्टर ने फुनगा के जनजातीय बालक सीनियर छात्रावास में छात्रों से पढ़ाई, भोजन और रहने की व्यवस्था की जानकारी ली। परिसर में पहले दिए गए पौधारोपण के निर्देशों का पालन नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। निरीक्षण में सामान्य पौधों की जगह कम संख्या में छोटे पौधे लगाए गए थे।
कलेक्टर ने छात्रावास परिसर में मुनगा, कटहल सहित अन्य फलदार पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
खाद-बीज केंद्र में अव्यवस्था मिलने पर प्रबंधक को नोटिस
इसके बाद कलेक्टर ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मझगंवा के खाद-बीज वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, खाद-बीज वितरण की प्रक्रिया और किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। केंद्र पर अव्यवस्था मिलने पर समिति प्रबंधक को नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए। केंद्र पर किसानों के बैठने की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राशन दुकान पर स्टॉक का किया मिलान
फुनगा की शासकीय उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद्यान्न के स्टॉक का मिलान किया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन देने और दुकान परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
सिलाई सेंटर में महिलाओं से जानी आजीविका गतिविधियां
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर बदरा स्थित एनआरएलएम सिलाई सेंटर पहुंचे। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके काम और आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और जनपद पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला