अनूपपुर : आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साह एवं उमंग के साथ मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी
अनूपपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देश पर शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, बच्चों, अभिभावकों तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता रही।
जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा धारण कर कार्यक्रम में सहभागिता की। बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। केंद्रों में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष पोषण आहार एवं पोषण प्रसादी का वितरण किया गया। बच्चों के साथ गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को भी विशेष भोज उपलब्ध कराया गया। स्थानीय स्तर पर जनसहयोग से पौष्टिक लड्डू सहित अन्य पोषण सामग्री का वितरण भी किया गया।
आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के साथ उनमें रचनात्मकता, उत्साह एवं सहभागिता की भावना विकसित करना तथा पोषण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।आंगनबाड़ी केंद्रों में पर्व के आयोजन के माध्यम से बच्चों एवं उनके परिवारों को पोषण संबंधी संदेश भी दिए गए।
जिला परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग संजीता भगत ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न पर्व एवं उत्सवों के आयोजन के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ स्थानीय समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित गतिविधियों में बच्चों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला