अनूपपुर: 4.34 करोड़ का कन्या महाविद्यालय भवन विद्युतीकरण में अटका, पुराने छात्रावास में हो रहा संचालन

 


अनूपपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में 4 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय कन्या महाविद्यालय का नया भवन लगभग तैयार है, जबकि विद्युतीकरण का कार्य अभी भी अधूरा है, जिसके कारण इस शैक्षणिक सत्र में भी भवन का उपयोग शुरू नहीं हो पाया है। परिणामस्वरूप, कॉलेज का संचालन अभी भी शासकीय तुलसी महाविद्यालय परिसर स्थित पुराने छात्रावास भवन के चार कमरों से किया जा रहा है।

इस अस्थायी व्यवस्था के चलते छात्राओं और शिक्षकों को प्रतिदिन असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पुराने छात्रावास में कुल 10 कमरे हैं, लेकिन पठन-पाठन का कार्य केवल चार कमरों में ही संचालित हो रहा है। यह सीमित स्थान शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है।

पीएमश्री तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य अनिल सक्सेना ने बताया कि नवीन गर्ल्स कॉलेज भवन का निर्माण कार्य 26 सितंबर 2023 को कन्या शिक्षा परिसर के समीप शुरू हुआ था। अनुबंध के अनुसार, इसे 18 माह में, यानी मार्च 2025 तक पूरा किया जाना था। बीच में बजट की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था, जिसके बाद अतिरिक्त राशि के लिए संशोधित प्राक्कलन भेजा गया। निर्माण कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन बिजली संबंधी कार्य लंबित होने के कारण भवन अभी उपयोग के लिए तैयार नहीं है।

150 छात्राएं अध्ययनरत

वर्तमान में महाविद्यालय में कला संकाय के प्रथम वर्ष से चतुर्थ वर्ष तक लगभग 150 छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनके लिए केवल एक बड़ा कक्ष और तीन छोटे कमरे उपलब्ध हैं, जहां सभी कक्षाओं का संचालन किया जाता है। सीमित स्थान के कारण छात्राओं को बैठने और अध्ययन करने में भारी कठिनाई होती है। इसके अतिरिक्त, महाविद्यालय में कार्यरत 9 शिक्षण स्टाफ और 8 गैर-शिक्षण स्टाफ को भी पर्याप्त कक्ष और कार्यालयीन सुविधाओं के अभाव में कार्य करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्राचार्य का कहना है कि संभव है कि आगामी नए सत्र से नए भवन में कन्या महाविद्यालय का संचालन हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला