जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के तहत बिजली कार्यों में सुरक्षा मानकों और सावधानियों का दिया प्रशिक्षण
भोपाल, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के तहत 220 केवी सबस्टेशन देवास में साेमवार काे विद्युत कार्यों के दौरान कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और तकनीकी सावधानियों के पालन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित कार्यप्रणाली और सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता निर्दोष केरकेट्टा ने बताया कि किसी भी विद्युत कार्य को प्रारंभ करने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य अनुमति (परमिट) प्राप्त करना तथा संबंधित उपकरणों की अर्थिंग सुनिश्चित करना अनिवार्य है। कार्य की प्रकृति के अनुरूप व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पी पी ई)जैसे हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा दस्ताने एवं सेफ्टी शूज का अनिवार्य उपयोग करने की आवश्यकता समझाई गई। साथ ही सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन जरूरी
कार्यक्रम में विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि विद्युत पारेषण तंत्र में कार्य करते समय सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी परिस्थिति में निर्धारित सुरक्षा नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक कार्य के दौरान स्वयं की सुरक्षा के साथ अपने सहकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही कार्य संपादित करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, शिफ्ट सुपरवाइजर, मेंटेनेंस क्रू, आउटसोर्स सुरक्षा कर्मियों एवं ऑपरेटिंग स्टाफ ने सहभागिता की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे