युवाओं का उत्सव सांसद खेल महोत्सव - सावित्री ठाकुर
धार, 6 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के मनावर विधानसभा के शा. सांदीपनी विद्यालय में शनिवार को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय महिला बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने किया। साथ ही उन्होंने उभरती खेल प्रतिभाओं एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीय संवाद भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र के आदिवासी अंचलों में छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान और मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य यह महोत्सव निरंतर कर रहा है। अनुशासन, खेल भावना और नेतृत्व क्षमता को आत्मसात करते हुए लगभग 5000 से अधिक संख्या में युवा, ऊर्जा और उमंग के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधीकरण, खेल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi