देवरी में युवक की संदिग्ध मौत पर हंगामा, जहरीली शराब से मौत का आरोप लगाकर चक्काजाम

 


सागर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी नगर में 30 वर्षीय आदिवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने अवैध और जहरीली शराब के सेवन से मौत होने का आरोप लगाते हुए शासकीय अस्पताल चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री हर्ष यादव और स्थानीय नेता संजय ब्रजपुरिया भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों का समर्थन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरी के नई नगर पालिका भवन के सामने रहने वाले 30 वर्षीय सचिन ठाकुर शुक्रवार रात बंधा पुल के पास बेसुध अवस्था में मिले थे। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें घर ले आए। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी मौत हो गई। युवक की अचानक मौत से परिवार में शोक छा गया।

घटना की जानकारी फैलते ही परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने शनिवार को शासकीय अस्पताल देवरी के सामने मुख्य चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और युवक की मौत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री हर्ष यादव और स्थानीय नेता संजय ब्रजपुरिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और धरने में शामिल हुए। नेताओं ने जिले में लगातार सामने आ रही संदिग्ध मौतों को लेकर प्रशासनिक निगरानी और अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण के इंतजामों पर सवाल उठाए।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि देवरी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है। उनका दावा है कि जहरीली शराब के सेवन से ही सचिन की मौत हुई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले जिले के जैतपुर (डोमा) और बंडा क्षेत्र में भी शराब से जुड़ी संदिग्ध मौतों के मामले सामने आए थे। इन घटनाओं के बाद आबकारी विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे