शहडोल में बुलेट की टक्कर से घायल युवक की मौत, परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर किया चक्काजाम
शहडोल, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। उन्होंने शहडोल-बुढ़ार नेशनल हाईवे-43 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन हादसे के जिम्मेदार बुलेट चालक की गिरफ्तारी और दुर्घटना में शामिल वाहन जब्त करने की मांग कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजे शुरू हुए प्रदर्शन के कारण हाईवे पर लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, जमुई निवासी बृजेश लोधी सोमवार देर रात बाइक से पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बुलेट सवार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद बुलेट चालक घायल को मौके पर छोड़कर वाहन सहित फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल बृजेश को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर जमुई पहुंचे तो बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए।
चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को शहडोल-बुढ़ार हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के चलते बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही रुक गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना पर सोहागपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मांग रखी कि हादसे के जिम्मेदार बुलेट चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और दुर्घटना में शामिल वाहन जब्त किया जाए।
आश्वासन के बाद बहाल हुआ यातायात
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब आधे घंटे बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे