गुजरात में ट्रेन से गिरकर मंदसौर के युवक की मौत, आईपीएल मैच देखने जा रहा था

 




मंदसौर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलिया राठौर गांव के एक युवक की बीती रात गुजरात में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा आनंद और वसाड़ रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। युवक अपने दो दोस्तों के साथ अहमदाबाद जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, पिपलिया राठौर निवासी दशरथ सिंह अपने दोस्तों दिलीप सिंह और देवेंद्र सिंह के साथ अहमदाबाद जा रहे थे। वे घूमने, इलाज कराने और आईपीएल मैच देखने के उद्देश्य से निकले थे। तीनों दोस्त नागदा से शाम करीब 6 बजे साबरमती ट्रेन में सवार हुए थे। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे दशरथ सिंह नींद से उठकर वॉशरूम जाने के लिए अपनी सीट से उठे। इसी दौरान वह ट्रेन के दरवाजे के पास से नीचे गिर गए। उनके साथी उस समय सो रहे थे, इसलिए उन्हें घटना का पता नहीं चल पाया।

सुबह ट्रेक पर मिला शव

ट्रेन जब आनंद रेलवे स्टेशन पहुंची, तो दोस्तों ने दशरथ सिंह को तलाश किया, लेकिन वह ट्रेन में नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल खोजबीन शुरू की। रातभर प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सुबह करीब 9 बजे आनंद और वसाड़ रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक के पास दशरथ सिंह का शव बरामद हुआ जो कि खून से सना हुआ था। सूचना मिलने पर गुजरात रेलवे पुलिस दोपहर करीब 2 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया गुजरात में ही की जा रही है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और मंदसौर लाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया