शिवपुरी: करंट से युवक की मौत के बाद पोहरी थाने के बाहर चक्काजाम, एफआईआर और मुआवजे की मांग

 


शिवपुरी, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के कमलाखेड़ी गांव में बिजली लाइन जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से युवक की माैत के बाद रविवार को परिजनों और ग्रामीणों ने पोहरी थाने के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली कंपनी के लाइनमैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, कार्रवाई और परिवार को मुआवजा देने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की।

ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार को कमलाखेड़ी गांव की आबादी लाइन की बिजली काट दी गई थी। बिजली बहाल कराने के लिए ग्रामीणों ने आपस में 10 हजार रुपए जुटाए और शनिवार को यह राशि लाइनमैन नीरज को दी। परिजनों का कहना है कि लाइनमैन खुद लाइन जोड़ने नहीं आया। आरोप है कि बिजली लाइन जोड़ने से पहले लाइनमैन ने परमिट लेने की बात कही थी। उसने विजय धाकड़ से फोन पर कहा कि परमिट ले लिया गया है और लाइन जोड़ी जा सकती है। इसी भरोसे पर धर्मेंद्र और गांव का एक अन्य युवक विजय धाकड़ लाइन जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े। इसी दौरान दोनों करंट की चपेट में आ गए। हादसे में धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि विजय गंभीर रूप से घायल है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद शव थाने के बाहर रखा

रविवार को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में धर्मेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर पोहरी पहुंचे और थाने के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन लाइनमैन के खिलाफ एफआईआर और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे