नर्मदापुरम: ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
नर्मदापुरम, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में औबेदुल्लागंज-बैतूल नेशनल हाईवे स्थित बुधनी बायपास पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी की लापरवाही का आरोप लगाते हुए फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमलेश यादव (40) निवासी बगवाड़ा के रूप में हुई है। बुधवार रात करीब 10.30 बजे वह बुधनी बायपास पर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बुधनी बायपास पर सर्विस रोड निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग और सुरक्षित डायवर्जन की व्यवस्था नहीं होने से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण बताया।
आक्रोशित लोगों ने फोरलेन पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया। जाम खुलने के बाद बुधनी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से कमलेश यादव की मौत होना सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे