उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर को हटाने के विरोध में युवा कांग्रेस का हवन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

 


उज्जैन, 29 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में खड़े हनुमान मंदिर को लेकर जारी प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार दोपहर कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर के पास सद्बुद्धि हवन कर प्रशासन से मंदिर को उसी स्थान पर सुरक्षित रखने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मंदिर की प्रतिमा को किसी तरह का नुकसान पहुंचा तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

रविवार दोपहर करीब 3 बजे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मंदिर परिसर के पास एकत्र हुए। उन्होंने हनुमानजी की तस्वीर रखकर पूजा-अर्चना की और हवन कुंड में आहुतियां देकर प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मंदिर को हटाने के बजाय मौजूदा स्थान पर ही सुरक्षित रखा जाना चाहिए।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्पित यादव ने कहा कि मंदिर को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद की स्थिति बनी हुई है। कुछ दिन पहले मंदिर में दरार आने की बात भी सामने आई थी। इसके बावजूद प्रशासन की कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विभिन्न धर्मों के लोग और श्रद्धालु मंदिर को इसी स्थान पर बनाए रखने की मांग कर रहे हैं, तो प्रशासन एकतरफा निर्णय क्यों ले रहा है? यादव ने मांग की कि मंदिर और मस्जिद से जुड़े जिम्मेदार लोगों को एक साथ बैठाकर चर्चा की जाए। सभी पक्षों की बात सुनने और आपसी सहमति बनाने के बाद ही कोई फैसला लिया जाना चाहिए।

अर्पित यादव ने चेतावनी दी कि यदि मंदिर की प्रतिमा खंडित हुई या उसे किसी तरह का नुकसान पहुंचा तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि मामले से प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व को भी अवगत कराया जा चुका है। युवा कांग्रेस ने जल्द ही सनातन रैली निकालने की घोषणा भी की है। इसके जरिए आम श्रद्धालुओं और शहरवासियों को मंदिर से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी जाएगी। रविवार को आयोजित हवन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत