राजगढ़ः उज्जैन महाकाल दर्शन को जा रहे युवक की ट्रेन में तबीयत बिगड़ने से मौत

 


राजगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। साबरमती एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे 25 वर्षीय युवक की शुक्रवार दोपहर मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बीनागंज-ब्यावरा स्टेशन के बीच अचानक तबीयत बिगड़ गई। युवक का दोस्त जीआरपी ब्यावरा की मदद से उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के हावड़ा निवाासी 25 वर्षीय हिमांशुसिंह पुत्र अजयसिंह अपने दोस्त राहुल गुप्ता के साथ काशी दर्शन कर उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहा था।इसी दौरान ट्रेन बीनागंज-ब्यावरा स्टेशन के बीच पहुंची, तभी हिमांशु को तेज घबराहट होने लगी और उसकी हालत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होती देख दोस्त राहुल ने जीआरपी की मदद से उसे जल्द ही सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जीआरपी ब्यावरा ने पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक