राजगढ़ः तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत

 


राजगढ़, 30 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-46 पर बुधवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ग्राम पगारीबंगला जोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जामुनियागणेश, थाना कुरावर निवासी अनुराग (23) पुत्र बालमुकुंद मालवीय पीथमपुर इंदौर में मजदूरी करता था। बुधवार को वह पीथमपुर से बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पगारीबंगला जोड़ के समीप वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

बताया गया कि अनुराग के पिता भी मजदूरी करते हैं। परिवार में उसका एक बड़ा भाई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, फिलहाल इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान और चालक की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक