राजगढ़ः पेट्रोल पंप पर सफाई करते समय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत
राजगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारिया निवासी 34 वर्षीय युवक की रविवार सुबह हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर सफाई करने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कचनारिया निवासी मांगीलाल (34) पुत्र जगन्नाथ वाल्मीकि रोज की तरह हाईवे स्थित जुबली पेट्रोल पंप पर साफ-सफाई करने गया था। तभी काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर गया। यह देखकर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसे संभाला और तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने मौत का कारण हृदयाघात होने की संभावना जताई है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। बताया गया कि मांगीलाल पेट्रोल पंप पर नियमित रूप से साफ-सफाई का काम करता था और रोज की तरह रविवार को भी काम पर गया था। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक