राजगढ़ः पुलिया पर पटिए लगाते समय नाले में फंसा युवक, डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू, नही बची जान
राजगढ़, 22 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में डोल ग्यारस आयोजन की तैयारियों के बीच मंगलवार सुबह गाड़गंगा नदी स्थित जलमंदिर परिसर में बड़ा हादसा हो गया। पुलिया पर पटिए लगाने के दौरान 34 वर्षीय युवक अचानक नाले में फंस गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया,लेकिन युवक को बचाया नही जा सका।
जानकारी के अनुसार थावरिया बाजार, खिलचीपुर निवासी बीरम (34) पुत्र बल्लभ मोंगिया सुबह जलमंदिर परिसर स्थित पुलिया पर पटिए लगाने का काम कर रहा था। बताया गया कि नगरपालिका क्षेत्र में डोल ग्यारस आयोजन को लेकर यह काम ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था। इसी दौरान युवक अचानक नाले में फंस गया। अधिकारियों की मौजूदगी में चलाया रेस्क्यू हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद से नाले के आसपास रास्ता बनाया गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने लगातार प्रयास किए, लेकिन युवक को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। करीब डेढ़ घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण कार्य से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक