राजगढ़ः खेत में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
राजगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र के ग्राम मोइलीकलां में सोमवार को खेत पर काम करते समय बिजली के तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद षव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोइलीकलां निवासी एहसान (30) पुत्र रऊफ खां खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह खेत में मौजूद विद्युत तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। उसे उपचार के लिए तत्काल शासकीय अस्पताल कुरावर पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और खेत में विद्युत तार किस स्थिति में था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक