राजगढ़ः हर्ष फायरिंग में युवक की मौत, एक घायल

 


राजगढ़, 22 अप्रैल(हि.स.)। जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम गिंदौरमीणा से निकली एक बारात गुना जिले के कुंभराज क्षेत्र में उस समय हादसे का शिकार हो गई, जब हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद खुशी का माहौल मातम में बदल गया। चाचैड़ा थाना पुलिस बुधवार को गिंदौरमीणा गांव पहुंची और बारात में शामिल लोगों से पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार, गिंदौर मीणा निवासी राहुल पिता गजराज मीणा की बारात मंगलवार रात चाचैड़ा थाना क्षेत्र के घाटा खेड़ी गांव में मजबूत मीणा की बेटी से विवाह के लिए पहुंची थी। बारात के दौरान गिंदौर मीणा निवासी श्रवण मीणा ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से हर्ष फायरिंग की। इसी दौरान चली गोली घाटा खेड़ी निवासी घनश्याम मीणा (30 वर्ष) को जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में कानाखेड़ी निवासी चंद सिंह मीणा भी घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बारात में शामिल लोगों मेंदहशत फैल गई। सूचना मिलने पर चाचैड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक