राजगढ़ः शौच के लिए जंगल गया युवक अचेत मिला,चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

 


राजगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचैहान थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामजीघाटा में मंगलवार सुबह शौच के लिए जंगल गए 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह जंगल में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल सारंगपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम श्यामजीघाटा निवासी नंदकिशोर (27)पुत्र हीरालाल बंजारा मंगलवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। तलाश करने पर वह जंगल की ओर अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत सारंगपुर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि नंदकिशोर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है। सारंगपुर थाना पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर प्रकरण लीमाचैहान थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक