राजगढ़ः नाले में मिला आठ दिन से लापता युवक का शव, जांच शुरू

 


राजगढ़, 10 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में आठ दिन से लापता 28 वर्षीय युवक का शव गुरुवार सुबह डूंगरपुरा-बरखेड़ा के बीच स्थित नाले में मिला। शव क्षत-विक्षत हालत में था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम डूंगरपुरा निवासी सोनू (28) पुत्र दयालसिंह सहरिया के रूप में हुई है। परिजनों ने 8 सितंबर को उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनू अविवाहित था और शराब पीने का आदी था। 2 सितंबर को वह शराब के नशे में घर से निकला था और मछली लेने जाने की बात कहकर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह डूंगरपुरा-बरखेड़ा के बीच नाले के पास से गुजर रहे राहगीरों को दुर्गंध आई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाले में तलाश की तो सोनू का शव मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मछली पकड़ने के दौरान युवक नाले में गिर गया होगा। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक