धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरे छोटे भाई शालिग्राम गर्ग, सैकड़ों समर्थकों के साथ नारेबाजी का वीडियो वायरल
छतरपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और उनके छोटे भाई शालिग्राम गर्ग एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर शालिग्राम गर्ग का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह सैकड़ों लोगों की भीड़ के साथ धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद दोनों भाइयों के संबंधों को लेकर एक बार फिर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वायरल वीडियो में शालिग्राम गर्ग समर्थकों के बीच चलते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं, जो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। वीडियो में कुछ लोगों के हाथों में डंडे भी नजर आ रहे हैं। समर्थकों की भीड़ और नारेबाजी के चलते यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि शालिग्राम गर्ग का नाम पूर्व में भी कई विवादों में सामने आ चुका है। हाल ही में कुशवाहा समाज के एक व्यक्ति पर गोली चलाने के मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा था। इससे पहले भी उनके खिलाफ विभिन्न मामले सामने आए थे। भाई के विवादों को लेकर जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से सवाल किए गए थे, तब उन्होंने सार्वजनिक रूप से शालिग्राम से अपने संबंधों को लेकर दूरी जताई थी। उन्होंने कहा था कि भाई के व्यक्तिगत मामलों से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
अब शालिग्राम गर्ग का धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में बड़ी भीड़ के साथ दिखाई देना कई सवाल खड़े कर रहा है। पूर्व में भाई के विवादों से सार्वजनिक दूरी बनाने संबंधी बयान और अब समर्थन में सामने आए इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर यादव महासभा के विरोध और हालिया विवाद के बीच यह वीडियो सामने आया है। विरोध के दौरान संगठन की ओर से भी तीखी बयानबाजी की गई थी। ऐसे में शालिग्राम गर्ग की मौजूदगी को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में सामने आए घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर दोनों भाइयों के बीच संबंधों की वास्तविक स्थिति अथवा शालिग्राम गर्ग के इस घटनाक्रम में शामिल होने के उद्देश्य को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा