रीवा के संजय गांधी अस्पताल की चाैथी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

 


रीवा, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अस्पताल की चाैथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने तत्काल उसे इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

युवक की पहचान अर्जुन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया था। उसे रेलिंग के पास देखकर कुछ लोगों ने उसे समझाने और वहां से हटने के लिए कहा। काफी देर तक लोग उसे रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन इसी दौरान युवक ने अचानक नीचे छलांग लगा दी। युवक की मां संजय गांधी अस्पताल में सफाईकर्मी हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अस्पताल में ड्यूटी पर थीं। बेटे के ऊपरी मंजिल से गिरने की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तत्काल मदद की। बताया जा रहा है कि युवक घर से गुटखा लेने के लिए निकला था। इसके बाद वह अस्पताल कैसे और किस परिस्थिति में पहुंचा, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस युवक के अस्पताल पहुंचने की परिस्थितियों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। उसके बयान और जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति सामने आ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे