इंदौर में पैसों के विवाद में बीच सड़क पर युवक ने की युवती से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर हुई गिरफ्तारी

 


इंदौर, 19 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के नवलखा चौराहे के पास एक युवती के साथ युवक द्वारा सरेआम मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अभिरक्षा में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, मुसाखेड़ी क्षेत्र के मयूर नगर में रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने रविवार को भंवरकुआ थाने पहुंचकर शिकायत दी कि एक युवक ने पैसे के लेन-देन को लेकर उससे विवाद किया। बहस इतनी बढ़ गई कि युवक ने आपा खो दिया और सड़क पर घसीटते हुए गाली-गलौज कर पीटना शुरू कर दिया। वहीं, आरोपित राहुल का दावा है कि युवती ने उसके पैसे नहीं लौटाए थे, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवती को बचाया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे थाने भेजा गया। महिला की रिपोर्ट पर भंवरकुआ थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 428/2026 धारा 296(बी), 115(2), 351(3) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष दूधी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी मदद से आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपने कृत्य पर माफी भी मांगी है। फिलहाल उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत