विश्व जनसंख्या दिवस पर सागर में निकली जागरूकता रैली, परिवार नियोजन अपनाने का लिया संकल्प
सागर, 11 जुलाई (हि.स.)। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को मध्य प्रदेश के सागर जिला चिकित्सालय सागर में जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार कल्याण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को छोटे परिवार, सुरक्षित मातृत्व और परिवार नियोजन के महत्व से अवगत कराया गया।
रैली का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. देवेश पटैरिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संतुलित जनसंख्या देश और प्रदेश के सतत विकास की आधारशिला है। उन्होंने परिवार कल्याण कार्यक्रमों और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से जिम्मेदार अभिभावक बनने और परिवार नियोजन के उपाय अपनाने का आग्रह किया।
रैली के बाद जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।
डॉ. ज्योति चौहान ने कहा कि छोटा और नियोजित परिवार सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से अधिक सशक्त होता है। इससे बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण उपलब्ध कराया जा सकता है। वहीं, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत ने परिवार नियोजन के स्थायी उपायों, विशेषकर नसबंदी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इसकी उपयोगिता और प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने छोटा परिवार, स्वस्थ परिवार के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. अचला जैन, डॉ. हेमंत कोष्टी, डॉ. संतोष पटेल, आर.के. जड़िया सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे। एफआरएचएस इंडिया के प्रतिनिधि जॉली साबू और अभिषेक, स्वास्थ्य विभाग का सहयोगी स्टाफ, अर्बन आशा कार्यकर्ता, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे