मंदसौरः निर्माण के दौरान मजदूर की ऊंचाई से गिरकर मौत

 


मंदसौर, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर के अफीम गोदाम रोड स्थित अमलेश्वर महादेव मंदिर में निर्माण कार्य के दौरान सोमवार दोपहर एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय मजदूर दीवार तोड़ने का काम कर रहा था। उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान साबिर (25) पुत्र कालू खां मेवाती के रूप में हुई। वह वर्तमान में नाहरसैय्यद मेला ग्राउंड, मंदसौर में रहता था और मूल रूप से अचेरी, जिला मंदसौर का निवासी था।

पुलिस के अनुसार, साबिर मजदूरी के साथ मकान तोड़ने का काम भी करता था। सोमवार दोपहर वह अमलेश्वर महादेव मंदिर में निर्माण कार्य के दौरान एक दीवार पर चढ़कर तोड़फोड़ कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह लगभग 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया।

घटना के समय मंदिर परिसर में वेल्डिंग का काम कर रहे जमील हुसैन ने बताया कि उन्होंने युवक को ऊपर से नीचे गिरते देखा। उन्होंने अन्य लोगों की मदद से घायल साबिर को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।डॉक्टरों के अनुसार, युवक के शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं थीं, जो उसकी मौत का कारण बनीं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, साबिर ने इस निर्माण स्थल पर करीब दो दिन पहले ही काम शुरू किया था। बताया गया कि जब वह ऊंचाई से गिरा, तब मौके पर पत्थर पड़े थे, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया