सागर में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, लाठियां लेकर पहुंचीं भाजपा नेत्री आकृति जड़िया
सागर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर के केशवगंज वार्ड स्थित मछरयाई क्षेत्र में शराब दुकान के खिलाफ मंगलवार को महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं स्थानीय पार्षद आकृति जड़िया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर शराब दुकान के बाहर पहुंचीं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने प्रशासन से दुकान को क्षेत्र से स्थायी रूप से हटाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर वे स्वयं दुकान में तालाबंदी करेंगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मछरयाई क्षेत्र में पिछले करीब 30 वर्षों से शराब दुकान संचालित हो रही है। हाल ही में क्षेत्र में शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत होने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। घटना के बाद दुकान दो दिन तक बंद रही, लेकिन सोमवार सुबह जैसे ही दुकान दोबारा खुली, बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर पहुंच गईं और नारेबाजी करते हुए दुकान बंद करने की मांग करने लगीं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि रिहायशी इलाके में शराब दुकान संचालित होने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। दुकान के आसपास शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इसके अलावा जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियां भी संचालित होने का आरोप लगाया गया है। महिलाओं का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण उन्हें और बेटियों को घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
शराब दुकान के बाहर प्रदर्शन के बाद पार्षद आकृति जड़िया के नेतृत्व में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर दुकान को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग की। आकृति जड़िया ने कहा कि दुकान को कुछ दिनों के लिए बंद करना या आसपास किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करना समस्या का समाधान नहीं है। दुकान को इस क्षेत्र से पूरी तरह हटाया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि दुकान दोबारा खोली गई तो महिलाएं स्वयं मोर्चा संभालते हुए तालाबंदी करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे