अनूपपुर: अंबिकापुर जा रही महिला गिरीं ट्रेन से, मौत, परिजन बिजुरी से बैकुंठपुर तक खोजते रहे

 


अनूपपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। अनूपपुर-अंबिकापुर रेलखंड पर गुरुवार सुबह चलती ट्रेन से गिरकर 83 वर्षीय सुभद्रा बाई बड़े की मौत हो गई। उनका शव कोतमा से पहले धुरवासिन रेलवे होल्ट के पास मिला। वह जीवित होने का प्रमाण पत्र जमा करने अंबिकापुर जा रही थीं। सुभद्रा बाई के परिजन उन्हें ट्रेन में खोजते रहे। उन्हें लगा कि वह शौचालय गई होंगी या दूसरी बोगी में चली गई होंगी। परिजनों ने बिजुरी स्टेशन के पास आरपीएफ जवान को उनके लापता होने की सूचना दी।

आरपीएफ ने दूसरे स्टेशनों पर जानकारी भेजकर खोज शुरू की। ट्रेन आगे निकल गई, इसलिए परिजन बैकुंठपुर पहुंच गए। वहां से वे अनूपपुर की ओर लौट रहे थे, तभी दोपहर में हरद स्टेशन के आरपीएफ जवान ने उन्हें एक वृद्ध महिला की मौत और पहचान की सूचना दी। परिजन दूसरी ट्रेन से कोतमा स्टेशन पहुंचे और ऑटो से धुरवासिन रेलवे होल्ट गए। वहां उन्होंने महिला की पहचान अपनी बुआ सुभद्रा बाई बड़े के रूप में की। वह रायपुर की रहने वाली थीं।

जीआरपी अनूपपुर शाखा प्रभारी पीएस कुलस्ते टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा करने के बाद शव को ऑटो से जिला अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुवार शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पीएस कुलस्ते ने बताया कि सुभद्रा बाई के भतीजे रविंद्र राव बड़े ने जानकारी दी कि वह बुधवार रात पत्नी, छोटे बच्चे और अपनी बुआ के साथ रायपुर से अनूपपुर होते हुए अंबिकापुर जा रहे थे।

रविंद्र के अनुसार, गुरुवार सुबह ट्रेन अनूपपुर से अंबिकापुर के लिए रवाना हुई। उनकी बुआ लोअर बर्थ पर सो रही थीं। वह और उनकी पत्नी भी थकान के कारण सो गए थे। कोतमा स्टेशन के पास आंख खुलने पर उन्होंने देखा कि बुआ अपनी बर्थ पर नहीं थीं।

रविंद्र ने पहले सोचा कि बुआ शौचालय गई होंगी। काफी देर तक वह नहीं लौटीं, तो उन्होंने तलाश शुरू की। इस दौरान ट्रेन हरद स्टेशन से होते हुए कोतमा पार कर गई। रविंद्र ने हरद स्टेशन के पास ट्रेन में सवार आरपीएफ जवानों को भी इसकी जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला